मजदूर का नहर में उतराया मिला शव
सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर गांव के पास शनिवार की सुबह नहर में 45 वर्षीय मजदूर का उतराया शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह तीन दिन से लापता था परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संजरपुर गांव के लोग शनिवार की सुबह नहर की ओर शौच के लिए गए थे। नहर में उतराया हुआ शव देखा। शव मिलने की खबर मिलते ही कुछ ही देर में सैकड़ो लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने पहचान की। सरामयीर थाना क्षेत्र के पवई लाडपुर गांव निवासी 45 वर्षीय धरमू पुत्र लौटू राम तीन दिन पूर्व घर से मजदूरी करने के लिए निकाला था। इसके बाद से वह लापता हो गया था। परिवार के लोग धरमू की तलाश कर रहे थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक को तीन लड़का व एक लड़की है। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।